रजत जयंती पर छत्तीसगढ़ को नई पहचान, मुख्यमंत्री साय बोले– नई विधानसभा भवन प्रदेश की लोकतांत्रिक यात्रा का प्रतीक बनेगा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के रजत जयंती वर्ष पर प्रदेश एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। राजधानी रायपुर में तैयार नया विधानसभा भवन प्रदेश की नई पहचान बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात के दौरान इस भव्य भवन के लोकार्पण समारोह को गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह भवन छत्तीसगढ़ की लोकतांत्रिक परंपराओं, विकास यात्रा और जनता की भावनाओं का प्रतीक बनेगा।

मुख्यमंत्री साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के आमंत्रण के लिए आभार जताते हुए कहा कि रजत जयंती वर्ष में इस भवन का लोकार्पण प्रदेश के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से इसका उद्घाटन होना एक ऐतिहासिक क्षण होगा, जो छत्तीसगढ़ की विकास गाथा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

साय ने आगे कहा कि नई विधानसभा भवन केवल एक संरचना नहीं, बल्कि यह प्रदेश की राजनीतिक चेतना और लोक भावना का प्रतीक है। इसमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम झलकता है। यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा और प्रदेश की लोकतांत्रिक यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण की रजत जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सहभागिता की कहानी है। नया विधानसभा भवन इसी जनशक्ति और जनभावना का स्मारक बनेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment