पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए ने सीट शेयरिंग फाइनल कर दी है। भाजपा (BJP), जनता दल यूनाइटेड (JDU), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के बीच सहमति बनने के बाद आज सोमवार को पटना में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।
सूत्रों के अनुसार, 13 अक्टूबर की शाम 4 बजे होटल चाणक्या में एनडीए के शीर्ष नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी करेंगे। इस दौरान बिहार की राजनीति में कई बड़े चेहरे मैदान में उतर सकते हैं।
बीजेपी और जदयू को बराबर सीटें मिलीं
इस बार सीट बंटवारे में भाजपा और जदयू को बराबर सीटें दी गई हैं। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर साझा की है। वहीं लोजपा (रामविलास) और हम को लेकर अभी भी अंतिम दौर की चर्चा चल रही है।
रालोमो ने पहले ही जारी की अनौपचारिक लिस्ट
उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा अनौपचारिक रूप से कर दी है। उम्मीद है कि आज एनडीए की अन्य पार्टियां भी अपनी-अपनी लिस्ट सार्वजनिक कर देंगी।
महागठबंधन में भी हलचल तेज
एनडीए की सीट शेयरिंग के बाद अब महागठबंधन के नेताओं की बैठक दिल्ली में जारी है। सूत्रों के अनुसार, महागठबंधन भी आज ही सीटों के बंटवारे की घोषणा कर सकता है।
बिहार चुनाव में बढ़ी सरगर्मी
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अब माहौल पूरी तरह चुनावी हो गया है। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा, जबकि 14 नवंबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।







