छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर बड़ा मंथन, अमित शाह की मौजूदगी में कल बनेगी रणनीति

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच चुके हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरे का मुख्य फोकस राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही मुहिम और आंतरिक सुरक्षा की मौजूदा स्थिति पर रहेगा।

अपने प्रवास के पहले दिन अमित शाह राजधानी रायपुर में ही ठहरेंगे। शुक्रवार रात वे एक निजी होटल में रुकेंगे, जहां प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर अहम बैठक करेंगे।

8 फरवरी को एंटी-नक्सल ऑपरेशन को लेकर एक बड़ी हाईलेवल मीटिंग प्रस्तावित है। इस बैठक में केंद्रीय सुरक्षा बलों के शीर्ष अधिकारी, खुफिया एजेंसियां और राज्य पुलिस के आला अफसर मौजूद रहेंगे। बैठक में नक्सल प्रभावित इलाकों में चल रहे अभियानों की समीक्षा के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में सक्रिय नेटवर्क और मॉड्यूल पर भी रणनीतिक चर्चा होगी।

दौरे के अंतिम दिन 9 फरवरी को केंद्रीय गृहमंत्री बस्तर पहुंचेंगे। यहां वे बस्तर पंडुम-2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

इधर, शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी छत्तीसगढ़ दौरे पर रहीं। उन्होंने जगदलपुर में बस्तर पंडुम-2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment