मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी: 14 फोन ले उड़े चोर, सबूत मिटाने को 10 मोबाइल फेंके नदी में; तीन आरोपी हिरासत में

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने रात के समय दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 14 मोबाइल फोन, एक पैकेट स्क्रीन गार्ड और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी की यह वारदात रात 8 बजे से लेकर अगले दिन सुबह 6 बजे के बीच हुई। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 1.5 लाख रुपए बताई गई है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विजय यादव (19), टोमन साहू उर्फ डायमंड (18) और एक नाबालिग शामिल हैं

पूछताछ में तीनों ने अपराध कबूल कर लिया और बताया कि पकड़े जाने के डर से 10 मोबाइल फोन शिवनाथ नदी  में फेंक दिए थे ताकि कोई सबूत न बचे। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर तलाशी अभियान चलाया। गोताखोरों की मदद से मोबाइल की तलाश की जा रही है। वहीं, चार मोबाइल, स्क्रीन गार्ड का पैकेट और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। चोरी में इस्तेमाल किए गए लोहे के रॉड और एक बाइक भी पुलिस ने जब्त की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपी आपस में पुराने दोस्त हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि वे पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और अक्सर इलाके में साथ घूमते थे। पुलिस अब उनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि अन्य मामलों में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा सके।

घटना के दौरान चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। दुकान का शटर तोड़कर उन्होंने अंदर से महंगे मोबाइल निकाले और सबूत मिटाने के लिए अधिकांश फोन नदी में फेंक दिए।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल नाबालिग को बाल न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए बाल सुधार गृह भेजा जाएगा। जबकि दो वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया है। पुलिस ने भी इलाके में गश्त और निगरानी कड़ी करने के निर्देश जारी किए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment