उत्तर प्रदेश के बरेली मंडल में “आई लव मुहम्मद” पोस्टर मामले को लेकर तनाव बढ़ने के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार दोपहर से 48 घंटे तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। यह प्रतिबंध शनिवार दोपहर 3 बजे तक लागू रहेगा।
लखनऊ से मिली जानकारी के अनुसार, किसी भी तरह की अफवाह और सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने से रोकने के लिए फेसबुक, यूट्यूब और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी रखी जा रही है।
गृह सचिव गौरव दयाल ने आदेश जारी करते हुए कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अफवाह फैलाने और माहौल खराब करने की संभावना थी। इसी कारण यह कदम उठाया गया है। वहीं, बरेली मंडल में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस बल, प्रांतीय सशस्त्र बल (PAC) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया गया है।






