रायपुर के कुख्यात तोमर बंधुओं की संपत्ति कुर्क होगी, कोर्ट ने पुलिस की याचिका मंजूर की

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।राजधानी रायपुर के कुख्यात सूदखोर हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोर्ट ने पुलिस द्वारा दाखिल की गई संपत्ति कुर्की की याचिका को स्वीकार करते हुए रायपुर कलेक्टर को उनकी चार संपत्तियों की कुर्की के लिए प्रतिवेदन भेजा है।

फरार चल रहे हैं आरोपी तोमर बंधु
पिछले दो महीने से तोमर बंधु फरार हैं। पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट में उद्घोषणा की प्रक्रिया शुरू की। कल उद्घोषणा की अंतिम तारीख है और यदि आरोपी कोर्ट में पेश नहीं होते तो उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।

आरोपियों पर घोषित हुआ इनाम
पुलिस ने दोनों भाइयों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। उनकी पत्नियों को पहले ही सूदखोरी के मामलों में जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि तोमर बंधु लंबे समय से महंगे ब्याज पर पैसा देकर जबरन वसूली कर रहे थे और उनके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

तलाशी में बरामद हुए अवैध हथियार
पुलिस ने जब उनके घर की तलाशी ली थी, तो वहां से अवैध हथियार बरामद किए गए। सूदखोरी और वसूली के अलावा अन्य कई मामलों में भी उनके खिलाफ केस दर्ज हैं।

नगर निगम की कार्रवाई और हाई कोर्ट में अर्जी
नगर निगम की जांच में सामने आया कि रायपुर के भाटागांव क्षेत्र में बने उनके आलीशान मकान के कुछ हिस्से अवैध हैं। निगम ने ऑफिस पर बुलडोजर चला दिया और छत पर बने अवैध स्वीमिंग पूल को लेकर भी कार्रवाई की तैयारी है। हालांकि, जिस नाम पर यह मकान है, उस व्यक्ति ने रायपुर नगर निगम के आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट में अर्जी लगाई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment