नवा रायपुर स्थित IIM में चल रही 60वीं अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस का आज तीसरा और अंतिम दिन है। सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली बैठक में उन राज्यों को अपनी प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा, जो पिछले दो दिनों में अपनी रिपोर्ट नहीं दे पाए थे। इन प्रस्तुतियों के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुख्य मुद्दों पर समीक्षा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
दूसरे सत्र में सुरक्षा एजेंसियों की जरूरतों, राज्यों से मिले सुझावों और पिछली बैठकों की सिफारिशों को देखते हुए अंतिम गाइडलाइन का मसौदा तैयार किया जाएगा। इसी दौरान एक ‘मॉडल स्टेट’ का चयन भी होगा, जिसका बेहतरीन सुरक्षा मॉडल देशभर में अपनाने की तैयारी है।
दोनों सत्र पूरे होने के बाद कॉन्फ्रेंस का औपचारिक समापन होगा। समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य मंत्रियों-संगठन पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस बीच शनिवार को दूसरे दिन 13 घंटे लंबी मैराथन बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित देशभर के शीर्ष पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



