मुंबई।ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वॉर 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और मात्र दो दिनों में ही बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये की कमाई कर शानदार शुरुआत की। फिल्म की सफलता से उत्साहित दोनों सितारों ने अपने-अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फैंस के लिए भावुक संदेश साझा किया।
ऋतिक रोशन बोले – कबीर मेरा पसंदीदा किरदार
ऋतिक रोशन ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “कबीर की दुनिया में भले ही लड़ाइयां जीत ली जाएं, लेकिन जंग जारी रहती है।” उन्होंने कहा कि ‘वॉर 2’ में मेजर कबीर धालीवाल की भूमिका निभाना उनके लिए एक यादगार अनुभव है। दर्शकों के उत्साह और सिनेमाघरों में जश्न देखकर वे बेहद खुश हैं।

जूनियर एनटीआर ने जताया आभार
बॉलीवुड डेब्यू कर रहे जूनियर एनटीआर ने अपने किरदार विक्रम की एक तस्वीर शेयर की और लिखा—
“‘वॉर 2’ के लिए जो प्यार आप सब दे रहे हैं, वह अविश्वसनीय है। हमने इस फिल्म को पूरे जुनून से बनाया और जनता की प्रतिक्रिया देखकर मैं हैरान हूं। आप सभी का तहे दिल से धन्यवाद।”
फिल्म का दमदार स्टारकास्ट
अयान मुखर्जी निर्देशित ‘वॉर 2’ में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर के साथ कियारा आडवाणी, अनिल कपूर, आशुतोष राणा, वरुण बडोला और अरिस्ता मेहता जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म में ऋतिक और एनटीआर के बीच जोरदार टकराव देखने को मिल रहा है।







