कीचड़ में फंसी जिंदगियां: सड़क न होने से बीमार पत्नी को पैदल उठाकर ले गया पति

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुनियादी सुविधाओं की कमी ने एक बार फिर ग्रामीण जीवन की कठिनाइयों को उजागर कर दिया है। कापू थाना क्षेत्र के विजय नगर ग्राम पंचायत के कंडरजा मोहल्ले में एक व्यक्ति को अपनी बीमार पत्नी को अस्पताल पहुंचाने के लिए अभूतपूर्व संघर्ष करना पड़ा। पत्नी तेज बुखार से पीड़ित थी, लेकिन गांव की ओर जाने वाली सड़क लंबे समय से कीचड़ और गड्ढों से भरी हुई है। बारिश के बाद यह रास्ता पूरी तरह से दलदल में बदल जाता है, जिससे कोई वाहन वहां से नहीं गुजर पाता।

मजबूरी में पति ने पड़ोसी की मदद से पत्नी को कंधे पर उठाया और लगभग एक किलोमीटर तक पैदल सफर किया। कीचड़ से जूझते हुए उन्होंने सड़क पार की और जब साफ रास्ता मिला तो ऑटो से महिला को अस्पताल ले जाया गया।

कंडरजा से पंडरापाठ और बिलाईढोड़ी की ओर जाने वाली यह सड़क कई वर्षों से नहीं बनी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य की अनदेखी के कारण वे बरसात के मौसम में हमेशा ऐसी परेशानियों का सामना करते हैं। यह घटना न केवल सरकारी उदासीनता को दर्शाती है, बल्कि ग्रामीणों की जुझारूपन और आपसी सहयोग की मिसाल भी पेश करती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment