छत्तीसगढ़ में ‘हाफ बिजली बिल’ योजना में बदलाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। हाल ही में दुर्ग जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने योजना में किए गए परिवर्तनों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस ग्रामीण इकाई ने इस विरोध की कमान संभाली, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
दुर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दुर्ग बिजली कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार पर गरीब विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए पुतला दहन किया और लालटेन सौंपकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि बिजली बिल में भारी वृद्धि से आमजन परेशान हैं और यह गरीबों की जेब पर सीधा हमला है।
प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर “बिजली बिल में वृद्धि, नहीं चलेगी नहीं चलेगी” और “अडानी हटाओ, छत्तीसगढ़ बचाओ” जैसे नारे लिखे थे। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है और जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है।
कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि हाफ बिजली बिल योजना को पुनः बहाल किया जाए और बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए। प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने यह संदेश देने की कोशिश की कि अगर जनता की आवाज को अनसुना किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



