दुर्गापुर से पीएम मोदी का संदेश: “बदलाव की शुरुआत बंगाल से होगी”, 5000 करोड़ की परियोजनाएं समर्पित

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए राज्य को मजबूत कनेक्टिविटी और औद्योगिक गति का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “बंगाल बदलाव चाहता है और यह बदलाव अब रुकने वाला नहीं।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “दुर्गापुर भारत के औद्योगिक इतिहास का मजबूत स्तंभ रहा है। अब समय है कि इसे भविष्य के भारत की मजबूती का आधार बनाया जाए।” उन्होंने बताया कि 5,400 करोड़ रुपये की परियोजनाएं राज्य में गैस आधारित परिवहन और आर्थिक बुनियादी ढांचे को गति देंगी।

रेल कनेक्टिविटी से बदलेगा परिदृश्य

पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में रेलवे नेटवर्क को आधुनिक बनाया जा रहा है। वंदे भारत ट्रेनों की संख्या में वृद्धि, कोलकाता मेट्रो का विस्तार और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से आम नागरिक को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। दुर्गापुर में दो नए रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प

पीएम मोदी ने कहा, “आज पूरी दुनिया भारत की विकास यात्रा को देख रही है। हमारा रास्ता है — विकास से सशक्तिकरण, रोज़गार से आत्मनिर्भरता और संवेदनशीलता से सुशासन। हमें 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।”

बंगाल में परिवर्तन की लहर

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि राज्य में लोगों का रुझान बदलाव की ओर है। उन्होंने कहा, “पहले लोग रोजगार के लिए बंगाल आते थे, अब बंगाल के युवा बाहर पलायन करने को मजबूर हैं।” उन्होंने वर्तमान सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि टीएमसी की नीतियों ने राज्य को अवरुद्ध कर दिया है।

“विकास की राह में टीएमसी बनी दीवार”

मोदी ने विश्वास जताया कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो कुछ ही वर्षों में बंगाल देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में गिना जाएगा। उन्होंने कहा, “मैं आज यहां सिर्फ घोषणाएं नहीं करने आया हूं, मैं आपको यकीन दिलाने आया हूं कि परिवर्तन संभव है।”

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment