नई दिल्ली। अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो तारीख जरूर याद रख लें। बैंक कर्मचारियों ने 5 दिन वर्किंग की मांग को लेकर 11 सितंबर 2026 को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। ऐसे में बैंक जाने की योजना बना रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
11 सितंबर शुक्रवार को है। इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर लगातार असर पड़ने की संभावना है। इसलिए जरूरी बैंकिंग काम समय रहते निपटा लेना बेहतर रहेगा।
सितंबर में दोबारा भी होगी हड़ताल
बैंक कर्मचारियों के यूनियन मंच UFBU (United Forum of Bank Unions) ने सितंबर में एक और बड़ी हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियनों के मुताबिक 28 से 30 सितंबर 2026 तक देशभर में बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।
यह हड़ताल बैंकों की छमाही क्लोजिंग के आसपास होने के कारण बैंकिंग कामकाज पर इसका असर ज्यादा पड़ सकता है।
मांग पूरी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल
बैंक यूनियनों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर कोई समाधान नहीं निकला तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन देशव्यापी हड़ताल शुरू की जा सकती है।
5 दिन वर्किंग की मांग
देश के 9 प्रमुख बैंक कर्मचारी संगठनों के साझा मंच UFBU ने हड़ताल की तारीखों का ऐलान किया है। यूनियनों की मुख्य मांग बैंकों में 5 दिन वर्किंग लागू करने की है। उनका आरोप है कि इस मांग को लेकर सरकार की ओर से अब तक सकारात्मक पहल नहीं की गई है।
ऐसे में अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो हड़ताल की तारीखों को ध्यान में रखते हुए उसे पहले ही पूरा कर लेना बेहतर होगा।





