रायपुर/सक्ती।छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में विकास को नई रफ्तार देने के लिए 11 सितंबर को सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि-किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विकसित भारत-जी राम जी और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी कई योजनाओं और नई पहलों की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम में करीब 122 करोड़ रुपये से ज्यादा लागत के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
2 लाख परिवारों का होगा गृह प्रवेश
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत राज्य में नवनिर्मित 2 लाख आवासों के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। इस मौके पर हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ भी सौंपी जाएगी।
AI आधारित जियो-टैग सत्यापन की होगी शुरुआत
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत AI आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली की भी शुरुआत होगी। इस तकनीकी व्यवस्था से आवास निर्माण की निगरानी और सत्यापन का काम ज्यादा पारदर्शी और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।






