दुर्ग। भीषण गर्मी के बीच शहर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। वार्डों में चावल की किल्लत और लगातार बाधित सप्लाई ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात यह हैं कि पिछले तीन महीनों से राशन वितरण (CG Ration Crisis) प्रभावित है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर पड़ रहा है।
लगभग 43 डिग्री तापमान में लोग राशन के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। तेज गर्मी में घंटों इंतजार करना खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और गरीब परिवारों के लिए बेहद मुश्किल भरा साबित हो रहा है।
राशन दुकानदारों का कहना है कि दुर्ग शहर, भिलाई और आसपास के ग्रामीण इलाकों की करीब 327 दुकानों में पिछले तीन महीनों से नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे हालात और ज्यादा बिगड़ते जा रहे हैं और लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इधर, ग्रामीण प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि राशन जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रखना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। प्रशासन की चुप्पी और सुस्ती ने आम जनता की परेशानी को और गहरा कर दिया है।



