कोरबा।अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों को एक और जरूरी प्रक्रिया से गुजरना होगा। बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए परिवहन विभाग ने लाइसेंस प्रक्रिया में नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत लाइसेंस के लिए होने वाले ऑनलाइन टेस्ट या परीक्षा के दौरान आवेदकों को ट्रैफिक नियमों से जुड़ा 10 से 15 मिनट का जागरूकता वीडियो देखना अनिवार्य होगा।
इस वीडियो को देखने के बाद ही लाइसेंस की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वीडियो में नशे में वाहन चलाने से होने वाले नुकसान, ट्रैफिक सिग्नल का मतलब, सड़क पर वाहन चलाते समय जरूरी सावधानियां और यातायात नियमों का पालन करने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
वीडियो देखने के बाद आवेदक को अवेयरनेस प्रोग्राम का सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। परिवहन विभाग का मानना है कि लाइसेंस जारी करने से पहले लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना सड़क हादसों को कम करने की दिशा में एक अहम कदम हो सकता है।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
देशभर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और वाहन चलाने में लापरवाही के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन हादसों में हर साल बड़ी संख्या में लोगों की जान चली जाती है।
कोरबा जिले में भी सड़क हादसों में जान गंवाने वालों की संख्या औसतन हर साल करीब 200 के आसपास रहती है। वहीं, दुर्घटनाओं की कुल संख्या इससे कहीं ज्यादा है। ऐसे में परिवहन विभाग की ओर से लाइसेंस प्रक्रिया से पहले यातायात नियमों की जानकारी देने की यह नई व्यवस्था सड़क सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






