13 हेक्टेयर में 7,800 पौधे, बस्तर को मिली बड़ी सौगात; केदार कश्यप ने किया फलोद्यान का लोकार्पण

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

जगदलपुर/भानपुरी।वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मुख्य आतिथ्य में 3 अक्टूबर 2026 को वन परिक्षेत्र भानपुरी के ग्राम पंचायत बाकेल में विकसित फलोद्यान का लोकार्पण किया गया। इस दौरान क्षेत्र में कुल 89.23 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

13 हेक्टेयर में 7,800 फलदार पौधे

वन विभाग की ओर से ग्राम बाकेल में करीब 13 हेक्टेयर क्षेत्र में फलोद्यान तैयार किया गया है। इसमें कुल 7,800 फलदार पौधे लगाए गए हैं। विभाग के अनुसार सभी पौधे उच्च गुणवत्ता वाली ग्राफ्टेड और हाइब्रिड किस्मों के हैं। इससे आने वाले समय में ग्रामीणों की आजीविका के साथ पोषण सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप ने फलोद्यान ग्रामीणों को समर्पित किया। उन्होंने वन संरक्षण और फलोद्यान के विकास में सहयोग के लिए ग्रामीणों और संबंधित विभाग के लोगों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय शासकीय स्कूल के छात्र-छात्राओं को पानी की बोतलें भी वितरित कीं।

वन्यजीव संरक्षण और सहअस्तित्व पर जोर

2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चल रहे वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप ने लोगों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने और उनके संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बस्तर के जंगलों में वन्यप्राणियों की बढ़ती संख्या और उनकी सकारात्मक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर सहअस्तित्व पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया गया।

इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास के लिए कुल 89.23 लाख रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

  • ग्राम पंचायत गुनपुर: मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत सीसी सड़क सह नाली निर्माण — ₹27.88 लाख
  • ग्राम पंचायत घोटिया: महतारी सदन निर्माण — ₹30 लाख
  • ग्राम पंचायत भानपुरी, फरसागुड़ा नेताजी पारा: सामुदायिक भवन निर्माण — ₹24.35 लाख
  • ग्राम पंचायत तारागांव: मुख्य मार्ग से तालाब पहुंच मार्ग पर 2 मीटर पुलिया निर्माण — ₹7 लाख

जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने की। इस मौके पर मुख्य वन संरक्षक स्टायलो मंडावी, डीएफओ बस्तर दीपेश कपिल, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

मुख्य वन संरक्षक स्टायलो मंडावी ने स्वागत भाषण में फलोद्यान में लगाए गए पौधों की जानकारी दी। वहीं डीएफओ बस्तर दीपेश कपिल ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार जताया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने फलोद्यान परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment