रायपुर।महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय खादी ग्रामोद्योग सम्मेलन एवं स्वदेशी प्रदर्शनी में ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय कारीगरों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने स्थानीय उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर गुणवत्ता और मजबूत ब्रांडिंग के साथ बड़े बाजार तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
सम्मेलन में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गांवों को स्वावलंबी बनाए बिना आत्मनिर्भर भारत का सपना अधूरा रहेगा। छत्तीसगढ़ के कोसा, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की देश-विदेश में पहचान है, लेकिन स्थानीय कारीगरों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने कुम्हारों, बुनकरों और अन्य पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक तकनीक और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

अग्रवाल ने कहा कि यदि प्रदेश में दीपावली के दौरान बड़ी संख्या में दीयों की आवश्यकता है तो कुम्हारों को इलेक्ट्रिक चाक और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने होंगे। इससे पारंपरिक कारीगरों को रोजगार के साथ उत्पादन बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार पापड़, बड़ी, चिप्स और अचार जैसे स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और ब्रांडिंग को क्लस्टर स्तर पर मजबूत करने की बात कही। उनका कहना था कि स्थानीय उत्पादों को व्यवस्थित तरीके से तैयार कर उन्हें देश के साथ वैश्विक बाजार में भी प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाया जा सकता है।

वहीं छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने भी खादी, ग्रामोद्योग और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में बोर्ड की भूमिका पर जोर दिया। सम्मेलन और स्वदेशी प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय शिल्पकारों, बुनकरों और ग्रामीण उत्पादकों को बाजार से जोड़ने की पहल को सामने रखा गया।
कार्यक्रम में बृजमोहन अग्रवाल और राकेश पाण्डेय ने स्वदेशी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न स्टॉलों पर स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीण उद्यमिता, हस्तशिल्प, खादी और स्थानीय उत्पादों की बिक्री एवं ब्रांडिंग से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन संघ के अध्यक्ष भोजराज देवांगन, नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, दीपेंद्र साहू सहित विभागीय अधिकारी, शिल्पकार और बुनकर बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर बृजमोहन अग्रवाल ने नशामुक्ति पदयात्रा के समापन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इसके अलावा टिकरापारा में स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ कर नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।





