दीपोत्सव या सरकारी खजाने पर दावत? मोदी जन्मदिन समारोह पर कांग्रेस की नाराजगी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राज्यभर में 40 लाख दीये जलाए जाएंगे, जिसमें अकेले रायपुर में 25 लाख दिये की व्यवस्था की गई है। लेकिन इस भव्य आयोजन के पीछे खर्च को लेकर कांग्रेस ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीधे तौर पर पूछा है कि आखिर यह खर्च किस मद से किया जा रहा है? दीया, बाती और तेल कौन खरीद रहा है?

प्रशासनिक मशीनरी का इस्तेमाल?

बघेल ने कहा, “पीएम के जन्मदिन पर 25 साल पूरे हो रहे हैं, इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। हमें भी नहीं है। लेकिन जब मुख्यमंत्री बैठक लेते हैं और विभाग प्रमुख और कलेक्टर आयोजन करने लगते हैं, तो आपत्ति होती है।”

उनका सवाल है, “क्या यह सरकारी कार्यक्रम है? विभागों को टारगेट क्यों दिया गया है? अगर सरकारी खर्च है, तो डेढ़ करोड़ से अधिक दीये जलाने का बिल कौन भरेगा?”

बघेल ने चेतावनी दी है कि या तो सरकार स्वयं हिसाब बता दे, या फिर विधानसभा में हर सचिव और कलेक्टर से खर्च का ब्यौरा मांगा जाएगा। “जनता के पैसों को इस तरह व्यर्थ नहीं किया जा सकता,” उन्होंने कहा।

शहर के 13 किलोमीटर क्षेत्र में ट्रैफिक प्रतिबंध

राजधानी में होने वाले मुख्य आयोजन को देखते हुए यातायात पुलिस ने शाम से ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया है। दीपोत्सव के लिए करीब 13 किलोमीटर लंबा विशेष कॉरिडोर तैयार किया गया है।

सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास से गांधी उद्यान, गढ़कलेवा रोड, मल्टीलेवल पार्किंग, भगत सिंह चौक, पुराने मंत्री बंगले ओवरब्रिज, केनाल रोड, तेलीबांधा चौक, मरीन ड्राइव, जल विहार कॉलोनी, कटोरा तालाब चौक और वीआईपी क्लब के रास्ते वापस सीएम हाउस तक के मार्ग प्रभावित रहेंगे।

यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्ते

वीआईपी रोड और केनाल रोड पर भारी दबाव की आशंका को देखते हुए एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को पचपेड़ी नाका-धमतरी रोड अथवा सेरीखेड़ी मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यात्रियों से घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने को कहा गया है।

मरीन ड्राइव और केनाल रोड की तरफ जाने वाले सामान्य यातायात को कटोरा तालाब और जीई रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

कहाँ लगाएं अपनी गाड़ी?

कार्यक्रम में शामिल होने वाले आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं के लिए भगत सिंह चौक के पास मल्टीलेवल पार्किंग, कटोरा तालाब के आसपास के खुले स्थान तथा मरीन ड्राइव से लगे निर्दिष्ट पार्किंग जोन तय किए गए हैं। इन मार्गों पर शाम के समय सामान्य आवाजाही नियंत्रित या बंद रहेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment