दुर्ग/नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को हुए दर्दनाक PG हादसे में दुर्ग के रहने वाले छात्र युवराज सोनी की भी मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, युवराज छुट्टियां मनाने के बाद करीब तीन दिन पहले ही दुर्ग से दिल्ली लौटा था। हादसे के वक्त वह अपने दोस्त आर्यन से फोन पर बात कर रहा था। बातचीत के दौरान अचानक हादसा हो गया और फोन पर युवराज की आवाज आनी बंद हो गई। आर्यन लगातार फोन पर “हेलो-हेलो” कहता रहा, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
दोबारा संपर्क नहीं होने पर आर्यन बेहद परेशान हो गया। इसी दौरान उसे सत्य निकेतन में इमारत गिरने की जानकारी मिली। वह तत्काल मौके पर पहुंचा और अपने दोस्त युवराज की तलाश शुरू की। कई घंटे की तलाश के बाद उसे युवराज की मौत की दुखद खबर मिली।
युवराज की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे की खबर से दुर्ग में भी शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है, जबकि 5 गंभीर घायलों को AIIMS में भर्ती कराया गया है। वहीं 12 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है।





