पसान क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले से 42 वर्षीय किसान प्रताप सिंह की जान चली गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया और ग्रामीणों में हाथियों की आवाजाही को लेकर दहशत बैठ गई है।
बताया जा रहा है कि पसान गांव के किसान प्रताप सिंह पर अचानक हाथी ने हमला कर दिया। हमले में वे इतने गंभीर रूप से घायल हो गए कि उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रताप सिंह की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग हाथी के फिर से आसपास आने को लेकर चिंतित हैं। घटना के बाद कई ग्रामीण घर से बाहर निकलने में भी हिचक रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस को सूचित किया गया। वन विभाग की टीम हाथी की तलाश में लगी है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जंगल के पास बसे गांवों में हाथियों की आवाजाही लगातार खतरा पैदा कर रही है। ऐसे में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग और प्रशासन को सतर्कता बढ़ाने तथा प्रभावी इंतजाम करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों।





