30 लाख करोड़ के दावे की खुली पोल? कमलनाथ ने कहा— खोदा पहाड़, निकली चुहिया

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भोपाल।मध्य प्रदेश में निवेश को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश की स्थिति ‘खोदा पहाड़, निकली चुहिया’ जैसी हो गई है। कमलनाथ ने सरकार के निवेश संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी आंकड़े कुछ और ही तस्वीर दिखा रहे हैं।

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दावा किया था कि वित्त वर्ष 2025-26 में मध्य प्रदेश को 30 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। लेकिन केंद्रीय उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) की एफडीआई इक्विटी इन्फ्लो रिपोर्ट के मुताबिक इसी अवधि में प्रदेश में सिर्फ 708.06 करोड़ रुपये का निवेश आया।

उन्होंने कहा कि निवेश के मामले में मध्य प्रदेश राजस्थान और छत्तीसगढ़ जैसे पड़ोसी राज्यों से भी पीछे रह गया है। कमलनाथ ने सवाल उठाया कि अगर 30 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले थे, तो वास्तविक निवेश 1000 करोड़ रुपये तक भी क्यों नहीं पहुंच पाया?

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का ध्यान निवेश लाने से ज्यादा आयोजन और विज्ञापनों के जरिए माहौल बनाने पर है। उन्होंने कहा कि देश में इस अवधि के दौरान हुए कुल निवेश में मध्य प्रदेश की हिस्सेदारी महज 0.14 प्रतिशत रही।

कमलनाथ ने कहा कि निवेश केवल दावों से नहीं आता, बल्कि इसके लिए निवेशकों का भरोसा जीतना जरूरी होता है। उनके मुताबिक निवेश को आकर्षित करने के लिए बेहतर माहौल, मजबूत नीतियां और भरोसेमंद व्यवस्था जरूरी है।

उन्होंने कहा कि अगर सरकार के बड़े-बड़े निवेश दावों का असर जमीन पर दिखाई नहीं देता, तो इसका खामियाजा आखिरकार प्रदेश की जनता को ही भुगतना पड़ेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment