रायपुर। प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने और इसके प्रारूप को तैयार करने की दिशा में सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। इसी सिलसिले में शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति की मौजूदगी में 27 अगस्त को रायपुर के न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में राज्य स्तरीय परिचयात्मक बैठक होगी।
बैठक में अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 200 प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों को बुलाया गया है। सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक ऐसा समावेशी और संतुलित प्रारूप तैयार करना है, जिसमें सभी की राय को जगह मिल सके।
बैठक में शामिल प्रतिनिधियों के अनुभव और सुझावों को इस पूरी प्रक्रिया में अहम माना जा रहा है। UCC जैसे संवेदनशील विषय पर व्यापक सहमति बनाने और ज्यादा से ज्यादा सुझाव जुटाने के लिए अलग-अलग चरणों में सामाजिक, धार्मिक, विधिक और अन्य संगठनों व समूहों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
मिली राय और विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर प्रस्तावित प्रारूप पर आगे मंथन किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि UCC का प्रारूप व्यावहारिक होने के साथ-साथ व्यापक भी हो और इसमें विभिन्न वर्गों के हितों का ध्यान रखा जाए।







