रायपुर।राजधानी रायपुर के एक सरकारी स्कूल से सामने आई एक चौंकाने वाली घटना ने शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ छात्र क्लासरूम के भीतर धारदार चाकू लहराते हुए मस्ती करते नजर आ रहे हैं, जिससे अन्य छात्रों में भय का माहौल बन गया।
यह मामला मोवा क्षेत्र स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय स्कूल का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तीन नाबालिग छात्र क्लासरूम के अंदर खुलेआम चाकू हाथ में लेकर दबदबा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि आसपास बैठे बाकी छात्र सहमे हुए और खामोश दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आते ही पंडरी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और तीनों नाबालिग छात्रों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने छात्रों को कड़ी समझाइश दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल तीनों आरोपी छात्र नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण कानून के तहत प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि—
- छात्र स्कूल परिसर में चाकू लेकर कैसे पहुंचे?
- क्लासरूम में शिक्षक की मौजूदगी क्यों नहीं थी?
- घटना के समय जिम्मेदार स्टाफ कहां था?
इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर व्यवस्थाएं सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। अभिभावकों में भी इस घटना के बाद गहरी चिंता देखी जा रही है।







