जयपुर।राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और सोनिया गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का अपमान करने का आरोप लगाया।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम’ गाया जा रहा था। इसी दौरान सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष से गीत को रोकने के लिए कहा। शाह ने कहा कि यह सब देश की जनता ने टीवी पर देखा है और 140 करोड़ लोग इसे देख रहे थे।
शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम’ को बीच में रोकना देश की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने इस कदम के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस से माफी की मांग
अमित शाह ने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान ‘वंदे मातरम’ देश के क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत था। हजारों लोगों ने इस नारे और गीत के लिए लाठियां खाईं, गोलियां झेलीं और जेल गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस ‘वंदे मातरम’ के महत्व को भूल गई है। शाह ने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता के साथ-साथ ‘वंदे मातरम’ के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की स्मृति के प्रति भी सम्मान दिखाते हुए माफी मांगनी चाहिए।
शाह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभर में लाल किले समेत अलग-अलग स्थानों पर ‘वंदे मातरम’ गाया गया। ऐसे में राष्ट्रगीत को बीच में रोकने का फैसला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।






