बिलासपुर में गर्भवती पत्नी पर रॉड से हमला, गर्भस्थ शिशु की मौत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर।हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने गर्भ में पल रहे बच्चे को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

तीन साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के मुताबिक चकरभाठा क्षेत्र की रहने वाली सभ्या की शादी करीब तीन साल पहले बोड़सरा निवासी आशीष कौशिक से हुई थी। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात दोनों घर पर मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पति ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसके साथ गाली-गलौज की। पत्नी ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

पेट पर रॉड से किया हमला

आरोप है कि झगड़े के दौरान आशीष ने लोहे की रॉड से पत्नी पर हमला कर दिया। महिला के पेट में गंभीर चोट आई और वह घायल होकर गिर पड़ी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत की पुष्टि की। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी हुई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment