रायपुर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं, जब एक हिस्ट्रीशीटर ने अपनी पत्नी और दोस्तों के साथ मिलकर एक युवक को बेरहमी से पीटा और फिर उसे अपनी पत्नी के पैर चूमकर माफी मांगने पर मजबूर किया। यह पूरा मामला वायरल वीडियो के माध्यम से सामने आया, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया।
इस घटना को लेकर Indian National Congress – Chhattisgarh ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कांग्रेस ने लिखा कि रायपुर में अब कानून नहीं, बल्कि गुंडों का राज चल रहा है। खुलेआम अपराधी सड़कों पर अत्याचार कर रहे हैं और पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। सवाल यह भी उठने लगे हैं कि गृह मंत्री इस पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे या फिर क्या अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।
सोशल मीडिया पर आम लोगों ने भी इस मामले में नाराजगी जाहिर की है। कई यूजर्स ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। कुछ लोगों ने टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रदेश में नशाखोरी और गुंडागर्दी लगातार बढ़ रही है, ऐसे में तत्काल कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
इस घटना ने शहरवासियों में दहशत का माहौल बना दिया है और एक बार फिर से कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। लोगों की मांग है कि प्रशासन तत्काल कड़े कदम उठाए, ताकि अपराधियों में डर पैदा हो और आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।







