उत्तराखंड के पहाड़ी जिले चमोली में शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक हादसे के बाद राहत और बचाव का काम लगातार जारी है। पीपलकोटी में THDC की निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा भर जाने के बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
NDRF के मुताबिक, अब तक सुरंग से चार शव बाहर निकाले जा चुके हैं। हादसे में कुल सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 11 घायल लोगों का इलाज गोपेश्वर जिला अस्पताल में चल रहा है। एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सुरंग के अंदर पानी और मलबा भरे होने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सुरंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
मौके पर प्रशासन के साथ NDRF, SDRF और सेना की टीमें तैनात हैं। सेना की टीम भी सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के अभियान में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने आपदा प्रभावित सुरंग क्षेत्र में चल रहे राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जानेंगे।





