रायपुर।साइबर ठगों ने अब कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह के WhatsApp अकाउंट को निशाना बनाया है। अकाउंट हैक करने के बाद ठग उनके नाम से परिचितों और समर्थकों को मैसेज भेजकर 28 हजार रुपये मांग रहे हैं।
ठगों की ओर से भेजे जा रहे मैसेज में UPI काम नहीं करने और तुरंत पैसों की जरूरत होने का बहाना बनाया जा रहा है। साथ ही रात 8 बजे तक रकम वापस करने का भरोसा देकर लोगों से पैसे ट्रांसफर कराने की कोशिश की जा रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही बृहस्पति सिंह ने रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पूर्व विधायक ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें। ऐसे किसी मैसेज के आने पर पहले सीधे फोन करके इसकी पुष्टि जरूर करें।
छत्तीसगढ़ में इससे पहले भी नेताओं और जनप्रतिनिधियों के WhatsApp अकाउंट हैक कर उनके परिचितों से इसी तरह पैसे मांगने के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में अगर किसी परिचित या जनप्रतिनिधि के नाम से अचानक पैसे की मांग की जाए तो बिना पुष्टि किए रकम ट्रांसफर न करें।







