शव दफनाने पर धमतरी में बवाल! ग्रामीणों ने श्मशान का रास्ता घेरा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक महिला के शव को दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। श्यामतराई गांव में महिला के अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अमला और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि मृतिका गीता साहू पिछले कई वर्षों से हिंदू रीति-रिवाजों का पालन नहीं कर रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक, वह गांव की हिंदू मान्यताओं और देवी-देवताओं को नहीं मानती थी और रामपाल पंथ को मानने की बात कही जाती थी।

बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने किया विरोध

महिला के शव को दफनाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गांव की जमीन पर शव दफनाने का विरोध किया। जब परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे तो ग्रामीणों ने कहा कि श्मशान घाट में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार ही अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए।

विरोध के दौरान ग्रामीणों ने श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर बांस लगाकर घेराबंदी भी कर दी। इससे मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रशासन और पुलिस ने संभाली स्थिति

विवाद की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश की। काफी देर तक चली समझाइश के बाद परिवार महिला का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार करने के लिए तैयार हो गया।

फिलहाल प्रशासन की मौजूदगी में मामला शांत हो गया है और गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment