महंगाई पर कमलनाथ ने जताई चिंता, खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर सरकार से कार्रवाई की मांग

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम आदमी पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है और दो वक्त का भोजन जुटाना भी मुश्किल होता जा रहा है।

कमलनाथ ने अपने पोस्ट में उपभोक्ता मामले विभाग के प्राइस मॉनिटरिंग सिस्टम का हवाला देते हुए कहा कि 16 आवश्यक खाद्य वस्तुओं में से 15 की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि खाने के तेल, दाल, चीनी, नमक, दूध और आटे जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं महंगी हो गई हैं, जबकि सब्जियों के दाम पहले से ही ऊंचे बने हुए हैं।

हाल ही में प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट में भी दावा किया गया है कि पिछले पांच महीनों में खाद्य तेलों, दालों, दूध और चीनी की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, कमजोर मानसून, वैश्विक बाजार में तेजी, ईरान से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव और आयात लागत बढ़ने को इसकी प्रमुख वजह बताया गया है। साथ ही, आने वाले त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने से कीमतों पर और दबाव पड़ने की आशंका भी जताई गई है।

कमलनाथ ने कहा कि आम जनता पहले से ही पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, रसोई गैस और बिजली की बढ़ी हुई कीमतों का बोझ उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई के मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।

उन्होंने केंद्र सरकार से खाद्य पदार्थों की महंगाई पर नियंत्रण के लिए सख्त और प्रभावी कदम उठाने, जमाखोरों और बिचौलियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा आम लोगों को राहत देने की मांग की।

🔗जुड़े हमारे व्हाट्सएप ग्रुप में

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment