धमतरी।कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में धमतरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता गांधी मैदान के पास एकत्र हुए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की, जिस वजह से कुछ देर के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की बहस और नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में माहौल शांत हो गया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का गलत इस्तेमाल कर विपक्ष के नेताओं को लगातार परेशान किया जा रहा है। इसी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जांच एजेंसियों का निष्पक्ष और स्वतंत्र होना बेहद जरूरी है। इस प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक लेखराम साहू सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





