JJM ठेकेदारों का रायपुर में बारिश के बीच हल्ला बोल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। तेज बारिश के बीच रायपुर की सड़कों पर उस वक्त अलग ही नजारा देखने को मिला, जब जल जीवन मिशन (JJM) के तहत काम करने वाले ठेकेदार अपनी बकाया भुगतान की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। बारिश में भीगते हुए उन्होंने घंटों तक प्रदर्शन किया। इस विरोध ने एक तरफ विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े किए, तो दूसरी ओर ठेकेदारों की नाराजगी भी खुलकर सामने आ गई।

प्रदर्शन कर रहे ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने कई महीने पहले ही अपने हिस्से का काम पूरा कर दिया था, लेकिन अब तक उनका भुगतान नहीं किया गया। उनका आरोप है कि कई बार अधिकारियों से मुलाकात करने और ज्ञापन सौंपने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

बारिश के बीच ठेकेदारों ने जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि अगर जल्द बकाया राशि जारी नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि लगातार भुगतान में देरी होने से जल जीवन मिशन के काम भी प्रभावित हो सकते हैं।

वहीं, बारिश के बीच हुए इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ठेकेदार बारिश में भीगते हुए अपनी मांगों को लेकर डटे नजर आ रहे हैं। अब सभी की नजर प्रशासन और संबंधित विभाग पर है कि ठेकेदारों की मांगों पर क्या फैसला लिया जाता है और उनका लंबित भुगतान कब तक किया जाता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment