कोरबा। कोरबा के गेवरा इलाके में SECL की ब्लास्टिंग अब गांव वालों के लिए परेशानी और डर का कारण बन गई है। नराईबोध गांव के लोगों का कहना है कि खदान में हो रही तेज ब्लास्टिंग की वजह से उनके मकानों में दरारें आ रही हैं और बड़े-बड़े पत्थर उड़कर सीधे घरों पर गिर रहे हैं।
हाल ही में एक घर की एस्बेस्टस की छत तोड़ते हुए बड़ा पत्थर कमरे के अंदर आ गिरा। उस समय परिवार के लोग घर में ही मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगले दिन जब छत की मरम्मत की जा रही थी, तब भी पत्थर गिरने की घटना हुई।
गांव वालों का आरोप है कि घटना के बाद SECL के अधिकारियों ने सिर्फ टूटी हुई शीट बदलने का भरोसा दिया, लेकिन लोगों की सुरक्षा को लेकर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया। वहीं, विस्थापन, मुआवजा और रोजगार जैसे पुराने मुद्दे भी अब तक हल नहीं हो सके हैं।
नराईबोध के ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर ब्लास्टिंग से सुरक्षा, पुनर्वास, रोजगार और मुआवजे की मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया, तो वे SECL गेवरा मुख्यालय का बड़ा घेराव करेंगे।
फिलहाल, ग्रामीणों के इन आरोपों पर SECL प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।






