छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 न्यायिक अधिकारियों के तबादले

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उच्च न्यायिक सेवा संवर्ग के 17 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों तथा हाईकोर्ट के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय की ओर से जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, अजय सिंह राजपूत को जगदलपुर के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद से स्थानांतरित कर विशेष एनआईए कोर्ट, जगदलपुर का स्पेशल जज नियुक्त किया गया है। वहीं सिद्धार्थ अग्रवाल को द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश से पदोन्नत कर प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जगदलपुर बनाया गया है।

किरण कुमार जांगड़े को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बलरामपुर-रामानुजगंज तथा विनय कुमार प्रधान को रायपुर स्थित एफटीसी (पॉक्सो) से एफटीसी कोर्ट में पदस्थ किया गया है। डमरूधर चौहान को रायपुर के षष्ठम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश से दसवें जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया गया है।

बलौदाबाजार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी का तबादला हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) के पद पर किया गया है। वहीं राकेश कुमार वर्मा को बलौदाबाजार के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश से छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी, बिलासपुर में अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है।

हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी के सचिव ओम प्रकाश जायसवाल को हाईकोर्ट का रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) नियुक्त किया गया है। वहीं रूपनारायण पात्रे को द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर से स्थानांतरित कर हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी का सचिव बनाया गया है।

श्रीमती विनिता वारनेर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सूरजपुर से बलौदाबाजार भेजा गया है। वहीं थामस एक्का को परिवार न्यायालय, सूरजपुर के प्रधान न्यायाधीश से पदोन्नत कर सूरजपुर का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इसके अलावा रायपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी कोर्ट) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

श्रीमती संगीता नवीन तिवारी को जगदलपुर की विशेष एनआईए कोर्ट से स्थानांतरित कर बलौदाबाजार का प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। वहीं डॉ. मनोज कुमार प्रजापति का बलरामपुर-रामानुजगंज से सारंगढ़-रायगढ़, अमित राठौर का सारंगढ़-रायगढ़ से रायपुर, सुमित कपूर का हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) पद से रायपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अमित कुमार कोहली का छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी के अतिरिक्त निदेशक पद से बलरामपुर-रामानुजगंज तबादला किया गया है।

हाईकोर्ट के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुचारु और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित अधिकारी शीघ्र ही अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment