जशपुर।जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में 10 से ज्यादा यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, जय बाला जी नाम की बस झारखंड के रामगढ़ से कोरबा जा रही थी। सुबह करीब 4 बजे कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी गांव के पास चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क पर पलट गई।
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए होली क्रॉस हॉस्पिटल, कुनकुरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की असली वजह पता लगाने में जुटी है।




