छत्तीसगढ़ के जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पतरापारा में आकाशीय बिजली गिरने से मां और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय मानती टेकाम और उनकी 14 वर्षीय बेटी कुमारी विमला टेकाम के रूप में हुई है। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को जल्द सरकारी मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब मां-बेटी खेत में काम कर रही थीं। दोपहर करीब 2:10 बजे अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा चलने लगी और जोरदार बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए दोनों खेत के पास मौजूद एक सेमर के पेड़ के नीचे जाकर खड़ी हो गईं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ अचानक बिजली उसी पेड़ पर गिर गई। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मां-बेटी बुरी तरह झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने घटना देखी तो तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। पंचनामा सहित अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतका के परिजन प्रमोद कुमार टेकाम (22 वर्ष) ने थाने पहुंचकर मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके आधार पर आगे जांच जारी है।
इस हादसे के बाद राजपुर पुलिस ने लोगों के लिए जरूरी एडवायजरी जारी की है। पुलिस ने अपील की है कि खराब मौसम, बारिश या बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों या ट्रांसफार्मर के पास खड़े न हों। ऐसे समय में सुरक्षित जगह या पक्के मकान में ही रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें।





