PM मोदी पर टिप्पणी के आरोप में खड़गे घिरे, भाजपा सांसदों ने दिया विशेषाधिकार हनन नोटिस

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के छह राज्यसभा सांसदों ने खड़गे पर संसद की गरिमा और संसदीय परंपराओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए विशेषाधिकार हनन नोटिस दाखिल किया है। राज्यसभा सभापति ने मामले को गंभीर मानते हुए इसे जांच के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया है।

भाजपा सांसद बृजलाल, मिथिलेश कुमार, सुमित्रा वाल्मीकि, शिवेश कुमार, सिकंदर कुमार और नागेंद्र राय ने संयुक्त रूप से यह नोटिस सौंपा है। सांसदों का आरोप है कि खड़गे ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया, जो संसदीय मर्यादाओं के विपरीत है। उनका कहना है कि नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति से संयमित और जिम्मेदार भाषा की अपेक्षा की जाती है।

राज्यसभा सचिवालय के अनुसार, सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने 16 जून 2026 को राज्यसभा नियम 203 के तहत मामले को विशेषाधिकार समिति को भेजने का फैसला किया। समिति अब पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट सभापति को सौंपेगी।

क्या करेगी विशेषाधिकार समिति?

समिति यह जांच करेगी कि खड़गे की कथित टिप्पणियां संसद के विशेषाधिकारों और संसदीय मर्यादाओं का उल्लंघन करती हैं या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

समिति की अध्यक्षता राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश विशेषाधिकार कर रहे हैं। समिति में भाजपा सांसद  सुधांशु त्रिवेदी, दीपक प्रकाश, सुमेर सिंह सोलंकी, सुरेंद्र सिंह नगर, मनन कुमार मिश्रा तथा निर्दलीय सांसद कार्तिकेय शर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।

सियासत गरमाई

खड़गे के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस दाखिल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। भाजपा इसे संसद की गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला बता रही है, जबकि कांग्रेस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। अब सभी की नजर विशेषाधिकार समिति की जांच और उसकी रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे तय होगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment