जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यमिक विद्यालय की जर्जर हालत को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मीडिया के सामने विद्यालय की बदहाली की तस्वीरें रखते हुए कहा कि दो साल पहले आंधी में विद्यालय की छत उड़ गई थी, लेकिन आज तक उसकी मरम्मत नहीं हो सकी है।

आशीष छाबड़ा ने कहा कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों की संवेदनहीनता साफ दिखाई दे रही है। भाजपा सरकार विकास और शिक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन विद्यालय की टूटी छत और खस्ताहाल भवन उन दावों की पोल खोल रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर दो वर्षों में भी विद्यालय की छत की मरम्मत क्यों नहीं हो पाई। बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा? विद्यालय की मूलभूत सुविधाएं तक दुरुस्त नहीं होना प्रशासनिक विफलता का बड़ा उदाहरण है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा के मंदिरों की ऐसी बदहाली आने वाली पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि विद्यालय की छत का निर्माण जल्द कराया जाए और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
आशीष छाबड़ा ने कहा कि बेमेतरा की जनता जानना चाहती है कि आखिर दो साल बाद भी विद्यालय की छत क्यों नहीं बन पाई और बच्चों को सुरक्षित शिक्षा का माहौल कब मिलेगा।





