रायपुर। रंगों के त्योहार होली से पहले राजधानी रायपुर में बाजार ही नहीं, शराब दुकानें भी पूरी तरह तैयार नजर आ रही हैं। इस बार आबकारी विभाग ने त्योहार से पहले ही रणनीति बनाकर सभी ब्रांड की शराब का पर्याप्त स्टॉक दुकानों में पहुंचाना शुरू कर दिया है, ताकि होली के मौके पर किसी भी तरह की कमी न हो।
सूत्रों के अनुसार, होली के दिन ‘ड्राई डे’ होने की वजह से लोग पहले ही खरीदारी कर रहे हैं। इसे देखते हुए विभाग ने अतिरिक्त गाड़ियां किराए पर लेकर शहर की दुकानों तक सप्लाई तेज कर दी है।
65 करोड़ से ज्यादा बिक्री की उम्मीद
आबकारी विभाग को इस बार होली सीजन में 65 करोड़ रुपए से ज्यादा की शराब बिक्री का अनुमान है। सभी दुकानों के सुपरवाइजर्स से एक सप्ताह पहले ही अनुमानित मांग की जानकारी मंगाई गई थी, जिसके आधार पर शनिवार से अतिरिक्त आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
अंग्रेजी और मिड-रेंज ब्रांड्स की ज्यादा डिमांड
जानकारी के मुताबिक, होली पर देशी शराब के बजाय अंग्रेजी और मध्यम श्रेणी (मिड-रेंज) की ब्रांड्स की मांग अधिक रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए चर्चित ब्रांड्स का अतिरिक्त स्टॉक रखा जा रहा है।
साथ ही गोवा स्टैंडर्ड की शराब का भी अलग से स्टोरेज किया गया है।
बार संचालकों को 25% ज्यादा स्टॉक लेने के निर्देश
खबर यह भी है कि बार संचालकों को सामान्य दिनों की तुलना में करीब 25 प्रतिशत ज्यादा स्टॉक उठाने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि त्योहार के दौरान बिक्री में भारी बढ़ोतरी की संभावना है।
समय में भी राहत
पहले होली से एक दिन पहले शाम 5 बजे तक ही शराब दुकानें बंद कर दी जाती थीं, लेकिन इस बार निर्धारित समय तक दुकानें खुली रहेंगी। इससे ग्राहकों को खरीदारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
त्योहार की रौनक के बीच आबकारी विभाग की यह तैयारियां साफ संकेत दे रही हैं कि इस बार होली पर रंगों के साथ “हाई स्पिरिट” का भी पूरा इंतजाम है।



