रायपुर।छत्तीसगढ़ में कथित भ्रष्टाचार और शासकीय जमीन से जुड़े मामलों को लेकर राज्यपाल सचिवालय में शिकायत पहुंची है। छत्तीसगढ़ी समाज पार्टी और संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल दुबे ने राज्यपाल से शिकायत कर इन मामलों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप सही पाए जाने पर मौजूदा सरकार को बर्खास्त करने की मांग भी की है।
राज्यपाल सचिवालय ने 15 जुलाई 2026 को इस शिकायत को आगे की कार्रवाई के लिए छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा है। पत्र में शिकायत में बताए गए मामलों की नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता और राज्यपाल सचिवालय को देने के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायत में शासकीय, काबिल कास्त और आदिवासी जमीन से जुड़े कथित फर्जी दस्तावेज, अवैध कब्जे और अन्य अवैध गतिविधियों के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने इन मामलों में अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।




राज्यपाल सचिवालय की नोटशीट में शिकायत में लगाए गए आरोपों का उल्लेख करते हुए इसे राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को नियमानुसार कार्रवाई के लिए भेजने का प्रस्ताव भी दर्ज है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोप फिलहाल जांच के स्तर पर हैं। इन्हें अभी साबित तथ्य नहीं माना जा सकता। अब इस मामले में शासन की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी।





