गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में पेपर लीक?

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में परीक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि यूनिवर्सिटी के समर्थ पोर्टल में साइबर तरीके से सेंध लगाई गई है, जिसके चलते परीक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी और प्रश्नपत्र बाहर लीक होने की आशंका जताई जा रही है। इस बात से छात्रों और अभिभावकों में काफी चिंता फैल गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने देर रात बैठक की और जांच के लिए 5 सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बना दी है। इस कमेटी को 7 दिन के अंदर रिपोर्ट देने को कहा गया है।

जानकारी के अनुसार, करीब 32 विभागों के प्रश्नपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। कुछ छात्रों का यह भी दावा है कि उन्हें परीक्षा से पहले ऐसे प्रश्नपत्र मिले थे, जो बाद में होने वाली परीक्षा से मिलते-जुलते थे।

हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी तक पेपर लीक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि फिलहाल सिर्फ पोर्टल में अनधिकृत एंट्री या छेड़छाड़ की आशंका है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इस घटना ने यूनिवर्सिटी की परीक्षा व्यवस्था और डिजिटल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर जांच में आरोप सही साबित होते हैं, तो यह प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए बड़ा झटका माना जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment