छत्तीसगढ़ में निकाय और पंचायत उपचुनाव का ऐलान

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। चुनाव प्रक्रिया 11 मई से शुरू होकर 4 जून 2026 तक चलेगी। इस दौरान नगरपालिकाओं और पंचायतों के खाली पड़े पदों पर चुनाव कराए जाएंगे।

जारी कार्यक्रम के मुताबिक नगरपालिकाओं में अध्यक्ष के 5 पद और पार्षद के 77 पदों समेत कुल 82 सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 और पंच के 1136 पदों सहित कुल 1228 सीटों पर मतदान कराया जाएगा।

नामांकन पत्र 11 मई से 18 मई तक जमा किए जाएंगे। इसके बाद 19 मई को नामांकन की जांच होगी, जबकि 21 मई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।

नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान 1 जून को होगा और मतगणना के बाद 4 जून को परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं पंचायत चुनावों में 1 जून को ही वोटिंग और मतगणना दोनों कराई जाएगी, जबकि अंतिम सारणीकरण और परिणाम 4 जून को जारी होंगे।

चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित नगरपालिकाओं और पंचायत क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार नगरीय निकाय चुनाव में 44 हजार 525 मतदाता वोट डालेंगे, जबकि पंचायत चुनाव में 10 लाख 37 हजार 789 मतदाता हिस्सा लेंगे। मतदान के लिए निकाय क्षेत्रों में 115 और पंचायत क्षेत्रों में 937 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

नगर निकाय चुनाव ईवीएम के जरिए और राजनीतिक दलों के आधार पर होंगे, जबकि पंचायत चुनाव गैरदलीय आधार पर बैलेट बॉक्स से कराए जाएंगे। निकाय चुनाव में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक और पंचायत चुनाव में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।

मतदान के दौरान मतदाताओं की पहचान के लिए आयोग ने 18 प्रकार के पहचान पत्र मान्य किए हैं। इनमें से कोई भी एक पहचान पत्र दिखाने पर मतदाता को वोट डालने की अनुमति दी जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment