ड्रेस कोड बना अपमान का कारण: बनियान में परीक्षा देने को मजबूर हुए अभ्यर्थी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में आयोजित मंडी निरीक्षक भर्ती परीक्षा उस वक्त विवादों में घिर गई, जब परीक्षा केंद्र पर लागू ड्रेस कोड अभ्यर्थियों के लिए परेशानी और अपमान का कारण बन गया।

परीक्षा देने पहुंचे कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उन्हें ड्रेस कोड के नाम पर अपनी शर्ट और टी-शर्ट उतारने के लिए मजबूर किया गया। हालात ऐसे हो गए कि कुछ उम्मीदवारों को केवल बनियान (गंजी) में ही परीक्षा देनी पड़ी।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने सिर्फ गहरे रंग के कपड़े पहन रखे थे, जिसे केंद्र पर तैनात स्टाफ ने नियमों का उल्लंघन बताया। बिना किसी स्पष्ट और पहले से दी गई जानकारी के अचानक इस तरह की सख्ती ने उम्मीदवारों को असहज स्थिति में डाल दिया।

सबसे गंभीर बात यह रही कि कई पुरुष अभ्यर्थियों को महिला परीक्षार्थियों की मौजूदगी में ही बनियान में परीक्षा देने को कहा गया, जिसे उन्होंने अपनी गरिमा के खिलाफ बताया।

यह मामला अब सिर्फ ड्रेस कोड तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि प्रदेश की परीक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर रहा है। अभ्यर्थियों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना ने यह सवाल खड़े कर दिया है कि क्या नियमों का पालन करवाने के नाम पर अभ्यर्थियों की गरिमा से समझौता सही है?

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment