छत्तीसगढ़ में 2027 की छुट्टियों का ऐलान !

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर:छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2027 के लिए शासकीय अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, अगले साल सार्वजनिक अवकाशों की संख्या 15 रखी गई है। यह अधिसूचना 27 अक्टूबर को राज्यपाल रामेन डेका के नाम से प्रकाशित की गई है।

नए कैलेंडर में गणतंत्र दिवस, होली, ईद-उल-फितर, गुड फ्राइडे, महावीर जयंती, बकरीद, कृष्ण जन्माष्टमी और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों पर सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। साथ ही, कर्मचारियों को निर्धारित अवकाशों के अलावा तीन ऐच्छिक छुट्टियां लेने का विकल्प भी मिलेगा।

कुछ बड़े पर्व रविवार के दिन पड़ रहे हैं, इसलिए इनके लिए अलग से अतिरिक्त छुट्टी नहीं दी जाएगी। 15 अगस्त 2027 को स्वतंत्रता दिवस और ईद-ए-मिलाद एक ही दिन आ रहे हैं, जबकि 10 अक्टूबर को दशहरा और 14 नवंबर को गुरु नानक जयंती भी रविवार है।

कई अन्य त्योहार शनिवार को पड़ेंगे। इनमें 20 फरवरी को संत रविदास जयंती, 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती और 25 दिसंबर को क्रिसमस शामिल हैं। दीपावली 29 अक्टूबर 2027 को शुक्रवार के दिन मनाई जाएगी।

बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी के कारण 1 अप्रैल को अवकाश रहेगा, लेकिन यह छुट्टी केवल बैंकों और कोषालयों के लिए होगी। अन्य सरकारी दफ्तरों में इस दिन सामान्य कार्य चलेगा।

सरकारी कैलेंडर जारी होने से कर्मचारियों और आम नागरिकों को त्योहारों, यात्रा और कार्यों की योजना बनाने में आसानी होगी। अधिकारियों के अनुसार, सार्वजनिक, सामान्य और ऐच्छिक अवकाशों की अलग-अलग सूची तैयार की गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment