रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। बंगाल की खाड़ी से बना डीप डिप्रेशन तट पार कर चुका है, लेकिन इसका असर अब भी मध्य भारत में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 24 सितंबर से 26 सितंबर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने की संभावना है।
बस्तर समेत प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। ऐसे में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी लोगों को मौसम का ध्यान रखने और सावधानी बरतने की जरूरत है।
आकाशीय बिजली से 4 लोगों की मौत
बारिश के साथ आकाशीय बिजली भी लोगों के लिए खतरा बनी हुई है। अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। इनमें खेत में काम कर रही एक महिला और बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े एक व्यक्ति के आकाशीय बिजली की चपेट में आने की बात सामने आई है।
मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों के पास रहने से बचने की सलाह दी है। अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का असर और तेज हो सकता है।





