KTU हॉस्टल की बदहाल व्यवस्था पर बवाल, 5 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTU) में छात्रावास की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को विद्यार्थियों का आक्रोश सामने आया। छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कुलपति, रजिस्ट्रार और प्रशासनिक भवन के गेट पर प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान विद्यार्थी कुकर, कढ़ाई, थाली और पत्तल लेकर विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।

प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। विद्यार्थियों के मुताबिक, हॉस्टल में पीने के पानी में लगातार कीड़े निकल रहे हैं। वहीं करीब एक महीने से सफाई कर्मचारी के नहीं आने का भी आरोप लगाया गया है। छात्रों का कहना है कि उनसे दबावपूर्वक सफाई का काम करवाया जा रहा है।

बारिश के दौरान हॉस्टल की छत से पानी टपकने और कमरों में पानी भरने की समस्या भी विद्यार्थियों ने बताई। इसके अलावा खराब दरवाजों और पानी की टंकियों को बदलने की मांग की गई है।

पानी और वाटर कूलर के लिए भी प्रदर्शन

छात्रों का कहना है कि पीने के पानी और वाटर कूलर जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी उन्हें आंदोलन करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों ने 5 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू किया है।

छात्रों का आरोप है कि समस्याओं का समाधान करने के बजाय शिकायत उठाने वाले विद्यार्थियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से हॉस्टल की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने और उनकी मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment