बिलासपुर।बिलासपुर के अंबेडकर चौक पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही सर्व समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि किसी ने प्रतिमा के सिर पर पानी की बोतल या कोई अन्य सामान बांध दिया था। प्रतिमा के कुछ हिस्सों पर मिट्टी लगाए जाने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा गले में कपड़ा बांधे जाने की भी जानकारी मिली है।
घटना के बाद बौद्ध समाज सहित अलग-अलग समाज के लोग अंबेडकर चौक पर जुटे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया।
लोगों का कहना है कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा सिर्फ एक प्रतिमा नहीं, बल्कि संविधान, समानता और सामाजिक न्याय की पहचान है। ऐसे कृत्य से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
सर्व समाज ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने, दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर बनी हुई है।





