रायपुर।इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के B.Sc. कृषि द्वितीय वर्ष के पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में पेपर लीक का कनेक्शन दुर्ग के एक निजी कॉलेज से सामने आया है। पुलिस ने मामले में कॉलेज के एक प्रोफेसर समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रश्नपत्र WhatsApp के जरिए लीक हुआ था। तकनीकी जांच, मोबाइल फोन और WhatsApp चैट के आधार पर रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में छापेमारी की गई। इसी जांच के दौरान दुर्ग के निजी कॉलेज की भूमिका सामने आई।
पूछताछ में पता चला कि प्रश्नपत्र कॉलेज से बाहर निकलने के बाद WhatsApp ग्रुप के जरिए छात्रों तक पहुंचा था। पुलिस अब तक 16 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।
दरअसल, 20 अगस्त को सुबह 10 बजे एंटोमोलॉजी की परीक्षा होनी थी। परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले ही प्रश्नपत्र वायरल हो गया। सुबह करीब 9 बजे पेपर लीक होने की शिकायत मिली। जांच में वायरल प्रश्नपत्र के करीब 70 प्रतिशत सवाल परीक्षा में आए पेपर से मिलते-जुलते पाए गए। इसके बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा रद्द कर दी थी।
मामले को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गंभीरता से लेते हुए पुलिस को निष्पक्ष और सख्त जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।






