नगर पालिका कार्यालय में घुसकर RI से मारपीट, चार के खिलाफ FIR

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

अभनपुर।नगर पालिका गोबरा नवापारा के राजस्व निरीक्षक निखिल चंद्राकर के साथ कार्यालय में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर गोबरा नवापारा पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले रास्ते में हुआ विवाद, फिर घर तक पहुंचे आरोपी

राजस्व निरीक्षक ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी के पैन कार्ड में नाम सुधारवाने के लिए मस्जिद के पास आवेदन देकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सदर रोड नवापारा मोड़ के पास रूपो जगत अपने साथी के साथ बाइक से उनके सामने से कट मारकर निकला।

इस पर निखिल चंद्राकर ने बाइक सावधानी से चलाने की समझाइश दी। आरोप है कि इसके बाद रूपो जगत ने उनके साथ गाली-गलौज की। शिकायत के मुताबिक बाद में आरोपी उनके घर के पास भी पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

कार्यालय में घुसकर मारपीट का आरोप

शिकायत के अनुसार, 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे रूपो जगत, लल्ला पटेल, विजय यादव और मोनू कंसारी सहित कुछ अन्य लोग नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि सभी राजस्व निरीक्षक के कमरे में घुस गए और वहां रखे सरकारी दस्तावेजों को फेंक दिया।

इस दौरान शासकीय काम में बाधा डालते हुए राजस्व निरीक्षक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। निखिल चंद्राकर ने बताया कि मारपीट में उनके सिर, पीठ, हाथ और पैर में चोट आई है।

घटना के समय नगर पालिका के कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया और आरोपियों को कार्यालय से बाहर निकाला। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर दोबारा कार्यालय में घुसने की कोशिश की। उस समय सेवक साहू, सरस्वती कंवर, सुभाषिनी शर्मा सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

गोबरा नवापारा पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 221, 296, 3(5), 324(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों और मौके पर मौजूद लोगों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment