रायपुर।छत्तीसगढ़ में अब लोग संपत्ति महिलाओं के नाम पर कराने में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। सरकार की ओर से पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट देने के बाद इसका असर आंकड़ों में भी साफ नजर आ रहा है।
6 मई से 27 जुलाई 2026 के बीच महिलाओं के नाम 30,720 संपत्ति दस्तावेज पंजीकृत किए गए। पिछले साल इसी अवधि में 20,319 दस्तावेज दर्ज हुए थे। यानी एक साल में महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन में करीब 51 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
50% शुल्क छूट का मिला फायदा
महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन पर 50 प्रतिशत शुल्क की छूट मिलने से लोगों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है। इस अवधि में लोगों की कुल 76 करोड़ 95 लाख 33 हजार 689 रुपये की बचत हुई है। यानी करीब 76.95 करोड़ रुपये का सीधा आर्थिक लाभ लोगों को मिला।
महिलाओं की संपत्ति में बढ़ रही हिस्सेदारी
शुल्क में छूट मिलने से जमीन, मकान और दूसरी संपत्तियां महिलाओं के नाम कराने का चलन बढ़ा है। इससे परिवारों के लिए संपत्ति महिलाओं के नाम पर दर्ज कराना पहले से आसान और कम खर्चीला हो गया है।
सरकार की इस पहल से महिलाओं की संपत्ति में हिस्सेदारी बढ़ने के साथ उनके आर्थिक अधिकार भी मजबूत होने की उम्मीद है। बढ़ते पंजीयन के आंकड़े भी बताते हैं कि लोग इस सुविधा का तेजी से लाभ उठा रहे हैं।






